भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच होने वाले T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले देशभर में टीम इंडिया की जीत के लिए दुआओं और प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में तमिलनाडु के मदुरै में क्रिकेट प्रेमियों और भक्तों ने भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष पूजा-अर्चना की।
यह विशेष प्रार्थना मदुरै के एस.एस. कॉलोनी स्थित श्री महा पेरियावा मंदिर में अनुशाथिन अनुग्रहम की देखरेख में आयोजित की गई। पूजा के दौरान मंदिर में महा पेरियावा की मूर्ति और चांदी की पादुकाओं का पारंपरिक विधि-विधान से अभिषेक किया गया।
अभिषेक में हल्दी पाउडर, पंचगव्यम, दूध, पंचामृत, शहद, घी, नारियल पानी, पवित्र भस्म (विभूति) और चंदन सहित कई पवित्र सामग्री का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया और दीप आराधना के साथ पूजा संपन्न हुई।
मंदिर में पहुंचे भक्तों ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों की तस्वीरों वाला एक फ्लेक्स बोर्ड भी लगाया और टीम इंडिया की जीत के लिए सामूहिक प्रार्थना की। इस दौरान भक्तों ने हाथों में दीप जलाए और “ऑल द बेस्ट इंडिया” के नारे लगाए।
अहमदाबाद में होगा महामुकाबला
T20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारत का सामना न्यूज़ीलैंड से होगा। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिलने के कारण टीम इंडिया को इस मुकाबले में मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
भारत ने सेमीफाइनल में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। यह भारतीय टीम का चौथा ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप फाइनल है, जो किसी भी टीम द्वारा खेले गए सबसे ज्यादा फाइनल मैचों में से एक है।
वहीं मिचेल सेंटनर की कप्तानी वाली न्यूज़ीलैंड टीम ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में कीवी ओपनर फिन एलन ने शानदार नाबाद शतक लगाकर टीम को जीत दिलाई।
रिकॉर्ड और इतिहास पर नजर
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में अब तक पांच बार टक्कर हो चुकी है। इनमें से न्यूज़ीलैंड ने तीन और भारत ने दो मैच जीते हैं। हालांकि पिछले दो नॉकआउट मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की है, जिससे टीम इंडिया का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है।
भारत इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगा और रिकॉर्ड तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने का लक्ष्य रखेगा। वहीं न्यूज़ीलैंड टीम पहली बार यह खिताब जीतने की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगी।













