Jhansi News. झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बीबी जीटीएस मूर्ति ने 23 सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। ये सिपाही बीमारी का बहाना बनाकर छुट्टी लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा (Sub-Inspector) पद की भर्ती परीक्षा में शामिल हुए थे। इस मामले ने उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है, और SSP ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की है।

बीमारी का बहाना बनाकर परीक्षा दी

जानकारी के मुताबिक, 14 और 15 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस की दरोगा भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें शामिल होने के लिए झांसी जिले के 23 सिपाहियों ने विभाग से छुट्टी ली, लेकिन उन्होंने विभाग को इस परीक्षा की जानकारी देने के बजाय ‘बीमारी’ का बहाना बनाया।

आंतरिक जांच में खुली पोल

चौंकाने वाली बात यह थी कि इन सिपाहियों ने परीक्षा देने के लिए छुट्टी मांगी थी, लेकिन उन्होंने मेडिकल आधार पर छुट्टी लेने का झूठा दावा किया। इन सिपाहियों ने एक महीने पहले ही 2 से 4 दिनों की छुट्टी के लिए अर्जी दी थी, और छुट्टी मंजूर होने के बाद वे परीक्षा में शामिल हुए। छुट्टी के समय होली और ईद जैसे महत्वपूर्ण त्योहार भी थे, लेकिन उन्हें मेडिकल कारण बताकर छुट्टी दी गई। जब विभाग ने आंतरिक जांच कराई, तो यह पता चला कि जिन सिपाहियों ने मेडिकल कारण बताकर छुट्टी ली थी, वे दरोगा भर्ती परीक्षा देने गए थे।

SSP ने दी निलंबन की सजा

झांसी के SSP बीबी जीटीएस मूर्ति ने इस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता बताते हुए 23 सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। SSP ने कहा, “बिना विभागीय इजाजत के परीक्षा में शामिल होना और गलत तथ्य प्रस्तुत कर छुट्टी लेना पुलिस नियमावली के खिलाफ है। यही कारण है कि इन सिपाहियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।”

रिंकू सिंह को मिलेगा यूपी में स्पोर्ट्स ऑफिसर का पद! मुख्यमंत्री योगी देंगे नियुक्ति पत्र

शेयर करना
Exit mobile version