लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने SIR को लेकर लगातार भ्रम फैलाया है और जनता को गुमराह करने की कोशिश की है। सीएम ने साफ कहा कि देश में पहले भी अलग-अलग समय पर SIR होता रहा है, इसलिए इसे लेकर हंगामा करना और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करना बिल्कुल गलत है।
हार पर EC को दोष देना ठीक नहीं
विपक्ष की हरकतें और बयानबाजी पूरी तरह गैर जिम्मेदाराना हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विपक्षी दल चुनाव जीतते हैं तो वे कुछ नहीं बोलते, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग को दोष देने लगते हैं, जो सही नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग को बदनाम करने और कटघरे में खड़ा करने का काम कर रहा है, जबकि EVM से कांग्रेस की भी सरकारें बनी हैं।
संविधान पर कांग्रेस को भरोसा नहीं
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का संविधान पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सेना के शौर्य पर भी सवाल उठाए हैं और उसकी भ्रष्ट प्रणाली रही है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने देश में सबसे ज्यादा शासन किया है और उसका इतिहास जनता अच्छी तरह जानती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष दुनिया में भारत की बदनामी कराने का काम कर रहा है, जबकि उसे अपनी गैर जिम्मेदाराना हरकतों को कंट्रोल करना चाहिए।
जनता से माफी मांगे विपक्ष
सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उसने लोकतंत्र को कमजोर करने और चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का काम किया है।












