स्मार्टफोन की दुनिया में बैटरी लाइफ हमेशा से सबसे बड़ी जरूरत रही है। आज के दौर में लोग ऐसे स्मार्टफोन चाहते हैं जिनकी बैटरी ज्यादा समय तक चले और बार-बार चार्ज करने की जरूरत न पड़े। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए सैमसंग अब बड़ी क्षमता वाली नई बैटरी तकनीक पर काम कर रहा है। जानकारी के मुताबिक कंपनी स्मार्टफोन के लिए 12,000mAh और 18,000mAh क्षमता वाली सिलिकॉन-कार्बन (Si-C) बैटरियों की टेस्टिंग कर रही है।
लीक हुई रिपोर्ट के अनुसार सैमसंग की बैटरी यूनिट Samsung SDI इस नई तकनीक को बेहतर बनाने के लिए सेल स्टैकिंग डिजाइन और एडवांस बैटरी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर पर काम कर रही है। इस तकनीक का उद्देश्य बैटरी की मजबूती बढ़ाना, हीटिंग को नियंत्रित करना और बैटरी की परफॉर्मेंस को ज्यादा प्रभावी बनाना है।
दरअसल साल 2016 में Galaxy Note 7 की बैटरी में विस्फोट की घटना के बाद सैमसंग बैटरी तकनीक को लेकर बेहद सतर्क हो गया था। उसी के बाद से कंपनी नई बैटरी तकनीक को बाजार में लाने से पहले लंबी और गहन टेस्टिंग करती है। यही वजह है कि सिलिकॉन-कार्बन बैटरी तकनीक को भी कई चरणों में जांचा जा रहा है। अगर यह तकनीक सफल होती है तो आने वाले समय में सैमसंग के फ्लैगशिप और फोल्डेबल स्मार्टफोन में बेहद पतली लेकिन ज्यादा क्षमता वाली बैटरी देखने को मिल सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी जिस 12,000mAh बैटरी पर काम कर रही है उसमें दो सेल का इस्तेमाल किया गया है। इसमें एक 6,800mAh का सेल है जिसकी मोटाई करीब 4.7 मिलीमीटर है, जबकि दूसरा 5,200mAh का सेल लगभग 3.2 मिलीमीटर मोटा है। कंपनी का लक्ष्य है कि इस पूरी बैटरी की मोटाई 9.3 मिलीमीटर से कम रखी जाए, ताकि स्मार्टफोन ज्यादा मोटा न हो।
इसके अलावा सैमसंग 18,000mAh क्षमता वाली बैटरी का भी परीक्षण कर रहा है। इसमें तीन अलग-अलग सेल लगाए गए हैं जिनकी क्षमता क्रमशः 6,699mAh, 6,000mAh और 5,257mAh बताई जा रही है। इस बैटरी की कुल मोटाई लगभग 12.3 मिलीमीटर रखने की योजना है, हालांकि कुछ प्रोटोटाइप में अतिरिक्त थर्मल लेयर की वजह से मोटाई करीब 12.8 मिलीमीटर तक पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि इन बैटरियों को करीब 1,500 चार्ज साइकिल तक चलने लायक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआती परीक्षणों के मुताबिक 12,000mAh बैटरी वाला स्मार्टफोन मोबाइल डेटा और वाई-फाई के साथ लगभग 20 से 25 घंटे तक स्क्रीन ऑन टाइम दे सकता है। अगर यह तकनीक सफल रहती है तो भविष्य में सैमसंग के स्मार्टफोन में बैटरी बैकअप के मामले में बड़ी क्रांति देखने को मिल सकती है।














