उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस थाने के अंदर वकीलों का अनोखा धरना चर्चा का विषय बना हुआ है। सिविल लाइंस थाने में पिछले चार दिनों से 8 वकील धरने पर बैठे हैं। वकीलों ने एक लोन एजेंट की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में ही डेरा डाल रखा है। धरने के दौरान वकीलों का अंदाज भी चर्चा में है। यहां विरोध प्रदर्शन के साथ डांस-मुशायरा और शायरी का दौर भी चल रहा है। वकील माइक और लाउडस्पीकर के जरिए शायरी पढ़कर अपना विरोध जता रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, एक लोन एजेंट पर वकील के साथ 63 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है। पीड़ित वकील की ओर से इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई थी। आरोप है कि शिकायत के आधार पर FIR दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने आरोपी लोन एजेंट के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसी से नाराज होकर वकीलों ने सिविल लाइंस थाने में धरना शुरू कर दिया।
थाने में दरी-बिस्तर और मच्छरदानी लेकर बैठे वकील
वकीलों ने अपने धरने को लेकर पूरी तैयारी कर रखी है। आठों वकील दरी, बिस्तर और मच्छरदानी लेकर थाने में ही बैठ गए हैं। चार दिनों से जारी इस प्रदर्शन में वकील लगातार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। धरनास्थल पर माइक और लाउडस्पीकर भी लगाए गए हैं, जिनके जरिए वकील शायरी और मुशायरे के अंदाज में अपनी बात रख रहे हैं।
इस दौरान थाने के अंदर वकीलों का डांस और मुशायरा भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। आमतौर पर पुलिस थानों में शिकायत और कार्रवाई के लिए लोग पहुंचते हैं, लेकिन प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में वकीलों का इस तरह लगातार धरने पर बैठना अलग तस्वीर पेश कर रहा है।
गिरफ्तारी की मांग पर अड़े वकील
वकीलों का कहना है कि जब मामले में FIR दर्ज हो चुकी है, तो आरोपी लोन एजेंट के खिलाफ कार्रवाई भी होनी चाहिए। चार दिन बीतने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से वकीलों में नाराजगी है। इसी वजह से उन्होंने थाने से हटने के बजाय वहीं धरना जारी रखा है।
फिलहाल वकीलों का प्रदर्शन जारी है और उनकी मुख्य मांग आरोपी लोन एजेंट की गिरफ्तारी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है और वकीलों का धरना कब समाप्त होता है।












