नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला II से फोन पर बातचीत कर उन्हें ईद-उल-फितर की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिमी एशिया में तेजी से बदलते हालात और बढ़ते तनाव पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने किंग अब्दुल्ला II को ईद की बधाई दी और क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए बातचीत और कूटनीति की जरूरत पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा कि पश्चिम एशिया में एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे हमले “निंदनीय” हैं और इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे हमलों से बचना जरूरी है, क्योंकि इसका असर वैश्विक स्तर पर भी पड़ सकता है।
दोनों नेताओं ने इस बात पर भी सहमति जताई कि क्षेत्र में व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के मार्ग सुचारु रूप से चलते रहना बेहद जरूरी है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने संघर्ष के बीच फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी में सहयोग के लिए जॉर्डन का आभार व्यक्त किया।
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से भी बातचीत कर उन्हें “हरि राया एदिलफित्री” की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने पश्चिमी एशिया की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई और तनाव कम करने के लिए बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों को तेज करने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने दोहराया कि भारत शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र में हालात सामान्य करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी है।



