जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और देशविरोधी गतिविधियों के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक बार फिर बड़ा शिकंजा कसा है। शनिवार को एनआईए की टीमों ने कश्मीर घाटी के कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। एजेंसी की यह कार्रवाई कुलगाम, बांदीपोरा और गांदरबल सहित कई संदिग्ध ठिकानों पर जारी है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह से अलर्ट पर रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनआईए की यह छापेमारी आतंकी फंडिंग, ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) के नेटवर्क और घाटी में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को अंजाम देने वाले संदिग्ध तत्वों की धरपकड़ से जुड़ी हुई है। पुख्ता इनपुट मिलने के बाद केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर सुबह-सुबह इन अभियानों को अंजाम दिया। जिन ठिकानों पर छापे मारे जा रहे हैं, वहां संदिग्ध दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियों की तलाश की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ समय से सुरक्षा बलों द्वारा आतंकवादियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। एनआईए की यह ताजा कार्रवाई उसी रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आतंकवाद के पूरे लॉजिस्टिक्स और फाइनेंशियल नेटवर्क को ध्वस्त करना है।












