राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क और गांधी प्रतिमा पर आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों की मुख्य मांग इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले मानदेय यानी स्टाइपेंड को बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की है।
आयुष छात्रों के अनुसार, वर्तमान समय में उन्हें केवल 7,500 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का तर्क है कि बढ़ती महंगाई और मेडिकल प्रशिक्षण के दौरान होने वाले दैनिक खर्चों के लिहाज से यह राशि बहुत ही कम है।
हाल ही में राज्य सरकार द्वारा एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रतिमाह किया गया था। इसी फैसले के बाद से आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने भी समान कार्य के आधार पर स्टाइपेंड बढ़ाने के लिए आवाज उठानी शुरू कर दी।
छात्रों का कहना है कि लंबे समय से सिर्फ आश्वासन ही दिए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी उपेक्षा से नाराज होकर डॉक्टरों ने गांधी प्रतिमा के समक्ष एकत्र होकर अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने के लिए धरना दिया। आयुष इंटर्न डॉक्टरों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।












