लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ 2025 में सेवाएं देने वाले परिवहन निगम के 24,071 चालकों व परिचालकों को 10,000 का प्रोत्साहन बोनस प्रदान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के तहत यह राशि कर्मचारियों के खातों में डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर के माध्यम से भेजी गई। इस योजना के तहत कुल 24.71 करोड़ की धनराशि वितरित की गई।

महाकुंभ में निभाई थी ऐतिहासिक जिम्मेदारी

महाकुंभ-2025 के दौरान प्रदेशभर से आए 66 करोड़ श्रद्धालुओं की आवाजाही की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश परिवहन निगम पर थी। इस दौरान निगम के चालकों और परिचालकों ने 19 क्षेत्रों से तैनाती के साथ अपना दायित्व पूरी निष्ठा व लगन से निभाया।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा यह बोनस न केवल हमारे कर्मठ कर्मचारियों के लिए एक सम्मान है, बल्कि भविष्य में उन्हें बेहतर सेवा के लिए प्रेरित भी करेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने वाले इन कर्मियों के योगदान को सराहा है।

किन जिलों के कितने कर्मचारियों को मिला लाभ?

क्षेत्र लाभान्वित कर्मचारी (चालक + परिचालक)
लखनऊ 2,162
हरदोई 1,803
प्रयागराज 1,522
गोरखपुर 1,424
मेरठ 1,413
गाजियाबाद 1,469
आगरा 1,385
कानपुर 1,387
मुरादाबाद 1,358
अलीगढ़ 1,284
इटावा 1,235
आजमगढ़ 1,163
बरेली 1,149
वाराणसी 1,116
सहारनपुर 994
देवीपाटन मंडल 981
चित्रकूट 927
अयोध्या 725
झांसी 574
कुल 24,071

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सफल महाकुंभ

परिवहन मंत्री ने कहा कि महाकुंभ 2025 का सुचारु संचालन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शिता और सख्त अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हर स्तर पर कार्यरत कर्मियों को सम्मानित कर एक उदाहरण पेश किया है।

UP News | शाम 7 बजे की बड़ी खबरें | Breaking News | Hindi News | Politics | CM Yogi | Akhilesh Yadav

शेयर करना
Exit mobile version