पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। सरकार ने कहा है कि देश में क्रूड ऑयल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं, लेकिन LPG की सप्लाई अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है।
बता दें, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि क्रूड ऑयल की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने कहा कि रिटेल आउटलेट्स पर किसी तरह की कमी या ड्राई आउट की स्थिति नहीं है और लोगों को घबराकर खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।
हालांकि, LPG को लेकर स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। सुजाता शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन कई जगहों पर डिस्ट्रीब्यूटर के पास लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
सरकार के अनुसार घरेलू LPG उत्पादन में करीब 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, जिससे सप्लाई को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और तेल कंपनियों ने कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है।
बता दें, ऊर्जा संकट से निपटने के लिए सरकार ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का फैसला किया है। खासकर बड़े शहरों और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को PNG अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कई सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियां इसके लिए इंसेंटिव भी दे रही हैं।
केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से CGD पाइपलाइन के विस्तार में तेजी लाने और जरूरी अनुमतियों की प्रक्रिया को सरल बनाने का अनुरोध किया है।
इसके अलावा, LPG पर दबाव कम करने के लिए कुछ सेक्टर्स में केरोसिन और कोयले जैसे वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
सरकार का कहना है कि वैश्विक हालात के बावजूद देश में ऊर्जा आपूर्ति को संतुलित रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।














