आधी रात को होगा शुभ संयोग
आज पूरे देश में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। भक्त उपवास रखकर मंदिरों में श्रृंगार और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। और आज की रात सभी भक्तों को भगवान के जन्मोत्सव का बेसब्री से इंतजार है।

वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल जन्माष्टमी का शुभ मुहूर्त 16-17 अगस्त की दरमियानी रात 12:04 बजे से 12:45 बजे तक रहेगा। करीब 43 मिनट का यह समय भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के लिए अत्यंत फलदायी माना गया है।

इस दौरान भक्तजन नंदोत्सव का आनंद लेंगे और मध्यरात्रि के समय मंदिरों में जय-जयकार गूंजेगी।

मथुरा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
भगवान कृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। देशभर से भक्त यहां पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन कर रहे हैं। मंदिर परिसर में रौनक देखते ही बन रही है। श्रीकृष्ण के भजनों, झांकियों और अलंकरण से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है।

हापुड़ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए हापुड़ जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट है। मंदिरों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं ताकि श्रद्धालु सुरक्षित ढंग से दर्शन कर सकें। बाजारों और प्रमुख मंदिरों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया है और देर रात तक उत्सव का उल्लास बने रहने की संभावना है।

कृष्ण जन्माष्टमी न सिर्फ धार्मिक आस्था का पर्व है बल्कि यह प्रेम, भक्ति और उत्साह का प्रतीक भी है। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का पर्व हर भक्त के लिए अनमोल क्षण होता है।