जौनपुर के जलालपुर में व्यापारी से वसूली और लूट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में फरार चल रहे निलंबित सुरेरी थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है।
मामला 15 सितंबर का बताया जा रहा है। जलालपुर थाना क्षेत्र के व्यापारी विजय राजभर ने आरोप लगाया था कि उसे जबरन अपने साथ ले जाकर मारपीट की गई और धमकी देकर रुपये की मांग की गई। आरोप है कि उसका मोबाइल लेकर यूपीआई के जरिए करीब 2.15 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराए गए और एटीएम से भी रकम निकलवाई गई। मामले में जलालपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सुरेरी थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह की भूमिका भी सामने आई। आरोप है कि मामला सामने आने के बाद वह बिना उच्चाधिकारियों को सूचना दिए थाने से फरार हो गए और अपना CUG नंबर थाने में छोड़ गए। इसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने अब उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया है।
मामले में नामजद संकीत सिंह और विकास सिंह सगे भाई हैं। दोनों ने बुधवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं, इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच के लिए वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने एसआईटी का गठन किया है। पुलिस के मुताबिक मामले से जुड़े भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो पुलिसकर्मियों समेत अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई हो चुकी है। अब पुलिस की नजर फरार निलंबित थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह की गिरफ्तारी पर है। मामले की जांच जारी है।













