आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 के समापन के बाद कई टीमें लौट पा रही है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को बताया कि खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा बाधित हो गई है, जिससे खिलाड़ियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ की वापसी प्रभावित हो रही है। आईसीसी के बयान में कहा गया कि कई खिलाड़ी, कोच और सपोर्ट स्टाफ अपने परिवारों के साथ टूर्नामेंट के बाद घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों के कारण अभी तक उनकी यात्रा संभव नहीं हो सकी है। परिषद ने स्वीकार किया कि यह स्थिति खिलाड़ियों और उनके परिवारों के लिए निराशाजनक है और ICC भी उनकी भावनाओं को समझता है।
दरअसल, खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा है। कई जगह एयरस्पेस बंद होने, मिसाइल चेतावनियों, उड़ानों के रूट बदलने और कम समय में फ्लाइट्स के रद्द या पुनर्निर्धारित होने की वजह से यात्रा व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं। ICC ने कहा कि ये परिस्थितियां पूरी तरह उनके नियंत्रण से बाहर हैं और सामान्य हालात की तुलना में यात्रा की व्यवस्था करना अधिक कठिन और समय लेने वाला हो गया है।
आईसीसी फिलहाल एयरलाइंस, चार्टर ऑपरेटर्स, एयरपोर्ट अथॉरिटीज, ग्राउंड हैंडलर्स और विभिन्न देशों की सरकारों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि सभी प्रभावित टीमों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।
बयान के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका की टीम आज रात अपने देश के लिए रवाना होना शुरू करेगी और उम्मीद है कि अगले 36 घंटों के भीतर सभी सदस्य यात्रा कर लेंगे। वहीं वेस्ट इंडीज के नौ सदस्य पहले ही कैरिबियन के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बाकी 16 सदस्यों के लिए अगले 24 घंटों में भारत से उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है। ICC ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रा से जुड़े सभी फैसले केवल सुरक्षा और व्यावहारिकता को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं। परिषद ने कहा कि खिलाड़ियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जब तक यात्रा पूरी तरह सुरक्षित नहीं होगी, तब तक किसी को भी रवाना नहीं किया जाएगा।












