उत्तर प्रदेश के संभल में 100 करोड़ रुपये से अधिक के बड़े बीमा घोटाले का पर्दाफाश करने वाली IPS अधिकारी अनुकृति शर्मा को दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा। अनुकृति शर्मा ने संभल में तैनाती के दौरान एक बड़े धोखाधड़ी सिंडिकेट का खुलासा किया था। इस गिरोह ने जिंदा लोगों को कागजों में मृत दिखाकर बीमा कंपनियों से करोड़ों रुपये की रकम हड़प ली थी।
100 करोड़ से ज्यादा के बीमा घोटाले का किया था खुलासा
संभल में तैनाती के दौरान IPS अनुकृति शर्मा ने एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया था, जो फर्जी दस्तावेजों के जरिए बीमा कंपनियों को चूना लगा रहा था। गिरोह के सदस्य जीवित लोगों को सरकारी और अन्य दस्तावेजों में मृत घोषित कर देते थे। इसके बाद उनके नाम पर बीमा की रकम का दावा करके करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की जाती थी।
12 राज्यों तक फैला था धोखाधड़ी का नेटवर्क
जांच में सामने आया था कि इस घोटाले का नेटवर्क केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका जाल देश के 12 राज्यों तक फैला हुआ था। गिरोह लंबे समय से अलग-अलग तरीकों से बीमा कंपनियों को निशाना बना रहा था। इस बड़े घोटाले का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
2020 बैच की IPS अधिकारी हैं अनुकृति शर्मा
IPS अनुकृति शर्मा 2020 बैच की अधिकारी हैं। संभल में तैनाती के दौरान बड़े बीमा घोटाले का खुलासा करने और धोखाधड़ी के नेटवर्क पर कार्रवाई करने में उनकी अहम भूमिका रही। अब उन्हें इसी उल्लेखनीय पुलिस कार्रवाई के लिए दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा। अनुकृति शर्मा को मिलने वाला यह सम्मान पुलिस विभाग में उनकी कार्यकुशलता और बड़े अपराध का पर्दाफाश करने के प्रयासों को पहचान देने वाला है।













