फैंस का इंतजार खत्म हो गया है। मशहूर फैंटेसी फ्रेंचाइजी हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन पर आधारित नई सीरीज का टीजर रिलीज कर दिया है। साथ ही इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी ने इस सीरीज का पहला टीजर और टाइटल लॉन्च किया है। इस सीरीज का नाम ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ रखा गया है और यह इस साल क्रिसमस यानी 25 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी।
यह सीरीज ग्लोबली HBO Max पर स्ट्रीम की जाएगी। इस अनाउंसमेंट को लंदन में HBO Max के लॉन्च इवेंट के दौरान किया गया।
करीब 2 मिनट 9 सेकंड के टीजर में कई अहम किरदारों की झलक दिखाई गई है। इसमें हैरी, रॉन, हरमाइनी, ड्रेको, स्नेप और हैग्रिड जैसे प्रमुख पात्र नजर आते हैं। टीजर में हैरी के स्कूल में परेशान होने से लेकर जादुई दुनिया में कदम रखने तक की कहानी की झलक मिलती है।
इस बार सीरीज में नई स्टारकास्ट देखने को मिलेगी। डोमिनिक मैकलॉघलिन हैरी पॉटर का किरदार निभा रहे हैं, जबकि अरबेला स्टैंटन हरमाइनी और एलेस्टेयर स्टाउट रॉन के रोल में नजर आएंगे।
इसके अलावा जॉन लिथगो अल्बस डंबलडोर, जेनेट मैकटीर प्रोफेसर मैकगोनागल, पापा एस्सिडू स्नेप और निक फ्रॉस्ट हैग्रिड के किरदार में दिखाई देंगे।
इस सीरीज को फ्रांसेस्का गार्डिनर ने लिखा है और मार्क मायलॉड ने डायरेक्ट किया है। यह पूरी तरह से जे.के. रोलिंग की लोकप्रिय किताबों पर आधारित है।
यह सीरीज यूके, आयरलैंड, जर्मनी और इटली समेत कई देशों में स्ट्रीम की जाएगी। ऐसे में एक बार फिर हैरी पॉटर की जादुई दुनिया दर्शकों को अपनी ओर खींचने के लिए तैयार है।



