Big News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में अपराध की दुनिया को तगड़ा झटका लगा है। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह का एक शार्प शूटर नवीन कुमार STF और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम के साथ मुठभेड़ में ढेर हो गया। नवीन पर हत्या, मकोका समेत 20 से अधिक संगीन अपराध दर्ज थे और वह कई राज्यों की पुलिस को लंबे समय से वांछित था। यह मुठभेड़ राज्य में संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
क्या हैं पूरा मामला?
यह मुठभेड़ हापुड़ कोतवाली क्षेत्र में उस समय हुई जब यूपी STF (नोएडा यूनिट) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी नवीन इलाके में छिपा हुआ है। टीम ने तुरंत घेराबंदी की, जिस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में नवीन कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज
मारे गए अपराधी की पहचान नवीन कुमार पुत्र सेवा राम, निवासी लोनी, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। नवीन लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय और विश्वस्त सदस्य था। वह गैंग के शार्प शूटर के रूप में काम करता था और हाशिम बाबा के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम देता था। नवीन पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, अपहरण और मकोका जैसे 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। दिल्ली के थाना फर्श बाजार में वह हत्या और मकोका केस में वांछित चल रहा था। दो मामलों में उसे दिल्ली की अदालत से सजा भी मिल चुकी थी।
अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता
STF और दिल्ली स्पेशल सेल को नवीन की लोकेशन की गुप्त सूचना मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने पूरा क्षेत्र घेर लिया और आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन नवीन ने गोलियां चलाईं, जिसके बाद पुलिस को जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मुठभेड़ संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। लॉरेंस बिश्नोई जैसे नेटवर्क को खत्म करने के लिए STF लगातार कार्यवाही कर रही है।