प्राइम वीडियो की एक्शन सीरीज़ जैक रयान के प्रमुख किरदार जॉन क्रासिंस्की एक बार फिर से CIA के डिप्टी डायरेक्टर के रूप में लौट रहे हैं। यह फिल्म ‘जैक रयान: घोस्ट वार’ के नाम से जानी जाएगी, जो इस प्राइम वीडियो सीरीज़ का एक सीक्वल फिल्म है।
फिल्म में जॉन के साथ कई पुराने सितारे भी नजर आएंगे, जिनमें वेंडल पियर्स (जेम्स ग्रीर), माइकल केली (माइक नवंबर), और बेट्टी गेब्रियल (एलिजाबेथ राइट) शामिल हैं। इस बार सिनेमाघरों में शानदार एक्शन देखने को मिलेगा, जिसमें जॉन क्रासिंस्की के साथ वेंडल पियर्स भी कई खतरनाक स्टंट्स और मिशन को अंजाम देते हुए नजर आएंगे।
फिल्म में एक्शन का तगड़ा तड़का लगेगा, जिसमें गोला-बारूद से लेकर हैंड कॉम्बैट तक सब कुछ देखने को मिलेगा। इस फिल्म का ट्रेलर हाल ही में प्राइम वीडियो के इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया गया।
‘जैक रयान: घोस्ट वार’ ‘जैक रयान’ फ्रेंचाइजी की छठी फिल्म है, जो प्रसिद्ध लेखक टॉम क्लैंसी के काल्पनिक किरदार पर आधारित है। इस फिल्म में भी वही पुरानी टीम काम करेगी, जो पहले की फिल्मों में जॉन क्रासिंस्की के साथ रही है।
इस फिल्म का निर्देशन एंड्रयू बर्नस्टाइन ने किया है, जो ‘हाउस’, ‘मैड मैन’, ‘द अमेरिकन्स’ और ‘ओजार्क’ जैसी मशहूर शोज के निर्देशक रहे हैं। फिल्म की पटकथा एरोन रेबिन और जॉन क्रासिंस्की ने लिखी है। इसे प्राइम वीडियो पर 20 मई को रिलीज़ किया जाएगा।











