LUCKNOW. उत्तर प्रदेश ने रचा नया इतिहास, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में रचा विश्वस्तरीय कीर्तिमान। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सोमवार को “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत 37,21,40,925 पौधे रोपे गए। यह आंकड़ा पहले से निर्धारित लक्ष्य 37 करोड़ से 21,40,925 अधिक है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि ने न केवल उत्तर प्रदेश को बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री योगी ने खुद किया पौधरोपण, तीन जिलों में दिखाई उपस्थिति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं अयोध्या, आजमगढ़ और गोरखपुर में पौधरोपण कर इस महाभियान की अगुवाई की। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” के संदेश को केवल स्लोगन नहीं, बल्कि आंदोलन का रूप देने की दिशा में नेतृत्व किया।
सीएम योगी ने कहा आज हमने वृक्ष लगाए हैं, कल यही हमें शुद्ध वायु देंगे, वर्षा लाएंगे, भूमि को उपजाऊ बनाएंगे। हम आने वाली पीढ़ियों को हरित भविष्य सौंपेंगे। यह अभियान समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि हरियाली क्रांति का आरंभ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लिया गया संकल्प
मुख्यमंत्री ने इस अभियान की प्रेरणा का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरणीय दृष्टिकोण को दिया। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” का संकल्प मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन में लिया गया। प्रधानमंत्री के “पर्यावरण से समृद्धि” के विजन को साकार करने की दिशा में यह पहल एक सशक्त कदम है।
समाज और सरकार की सहभागिता बनी सफलता की कुंजी
इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय प्रदेश की जनता को देते हुए सीएम योगी ने कहा इस पुनीत कार्य में सहभागी हर नागरिक, हर जनप्रतिनिधि, हर अधिकारी, हर कर्मचारी, हर छात्र, हर स्वयंसेवी, हर किसान और हर परिवार का हृदय से धन्यवाद। जब सरकार और समाज मिलकर काम करते हैं, तो परिणाम गिनती में ही नहीं, गुणवत्ता और गहराई में भी नजर आते हैं।
इस अभियान के तहत राज्य के सभी 75 जिलों में जिला प्रशासन, वन विभाग, स्कूली बच्चे, कॉलेज विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं, पुलिसकर्मी, शिक्षक और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर एक दिन में इतने पौधे रोपे, जितना अब तक किसी राज्य ने एक दिन में नहीं किया।
पर्यावरणीय परिवर्तन की नींव रखी गई
प्रदेश के वन मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, अभियान की योजना कई महीने पहले से बनाई जा रही थी। पौधों की प्रजातियों में पीपल, नीम, पाकड़, अर्जुन, सहजन, आम, जामुन, अमरूद, आंवला जैसी स्थानीय और जैव विविधता बढ़ाने वाली प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई।
आने वाली पीढ़ियों को समर्पित अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा आज लगाए गए पौधों को परिवार के सदस्य की तरह देखभाल करें। हम सब मिलकर मां पृथ्वी की सेवा में लगे रहें। यही सच्चा राष्ट्रधर्म है।