Uttarakhand disaster news: चमोली जिले के थराली में देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। अचानक आए पानी और मलबे से बाजार, सड़कें और घर तबाह हो गए। बताया जा रहा है कि तहसील परिसर में मलबा भर गया और कई गाड़ियां उसमें दब गईं।
बाजार और गांवों में तबाही
थराली बाजार में कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। चेपड़ो बाजार में भी कई दुकानें मलबे की चपेट में आईं और यहां से एक शख्स के लापता होने की खबर है। सागवाड़ा गांव में एक युवक के मलबे में दबे होने की सूचना है। कई घर भी पूरी तरह मलबे में दब गए हैं।
सड़कें बंद, लोग रातभर खड़े रहे
थराली-ग्वालदम मार्ग और थराली-सागवाड़ा मार्ग मलबे से बाधित हैं। लोग रात 12 बजे से सड़कों पर खड़े हैं और कई अभी भी फंसे हुए बताए जा रहे हैं।
प्रशासन और रेस्क्यू टीम की कार्रवाई
SDRF की टीमें गौचर से थराली रवाना की गई हैं। NDRF, SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं। जानकारी के मुताबिक SDM आवास भी मलबे की चपेट में आया है।
प्रशासन की पुष्टि
चमोली के DM ने कहा है कि “बादल फटने से काफी नुकसान हुआ है। कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है।” अब तक 1 शख्स लापता और 1 लड़के के दबे होने की खबर सामने आई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिक्रिया
देहरादून से मुख्यमंत्री धामी ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “देर रात चमोली जिले के थराली में बादल फटने की दुखद सूचना मिली है। जिला प्रशासन, NDRF, SDRF और पुलिस राहत व बचाव कार्य में जुटे हैं। मैं लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और हालातों की गहन निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”