केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) और केंद्रीय उत्पाद शुल्क (CED) के एक अधीक्षक को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर स्क्रैप कारोबारियों से उनके मालवाहक वाहनों को बिना किसी रुकावट के आने-जाने देने के एवज में हर महीने मोटी रकम वसूलने का आरोप है। सीबीआई की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को घूस की रकम लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
बता दें, गिरफ्तारी के तुरंत बाद सीबीआई की टीमों ने आरोपी अधिकारी से जुड़े ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। पुलिस ने आरोपी के भोपाल और कानपुर स्थित विभिन्न परिसरों पर छापेमारी की, जहाँ चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान जांच अधिकारियों के होश उड़ गए। ठिकानों से 72.50 लाख रुपये की बिना हिसाब-किताब वाली नकदी बरामद की गई है। इसके साथ ही आरोपी के पास से कई महंगी अचल संपत्तियों से जुड़े अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
सीबीआई के अधिकारियों के मुताबिक, स्क्रैप कारोबारी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई थी। आरोपी अधीक्षक लंबे समय से मासिक आधार पर रिश्वत की मांग कर रहा था और पैसे न देने पर वाहनों को जब्त करने की धमकी देता था। सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उसकी बेनामी संपत्तियों की जांच की जा रही है।















