नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के एक बड़े मामले में हरियाणा कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार कर लिया है। दीपक गहलावत फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS), नई दिल्ली में तैनात थे। सीबीआई ने यह कार्रवाई भ्रष्टाचार और व्यक्तिगत प्रभाव का दुरुपयोग कर अवैध रिश्वत मांगने के गंभीर आरोपों में की है।
क्या है पूरा मामला?
सीबीआई के मुताबिक, 8 जून 2026 को दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह और दो निजी व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज एक मामले की जांच के दौरान आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत की भूमिका सामने आई। जांच में पता चला कि दीपक गहलावत ने यह दावा किया था कि वह अपने व्यक्तिगत प्रभाव का इस्तेमाल कर पुडुचेरी में नकली दवाओं की बिक्री से जुड़े सीबीआई मामलों में निजी पक्षों को राहत दिला सकते हैं। इस एवज में उन्होंने बड़ी रकम की अवैध रिश्वत भी मांगी थी।
अब तक कितने आरोपी गिरफ्तार?
सीबीआई इस मामले में दीपक गहलावत से पहले दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने करीब 25 लाख रुपये की ट्रैप राशि, 90 लाख रुपये नकद और कई अहम दस्तावेज बरामद किए थे। फिलहाल सीबीआई पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।



