पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां तेज़ हो गई हैं। सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) ने 47 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी ने एनडीए से अलग होकर पहले चरण के लिए अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है।

सूची में पार्टी प्रमुख उदय नारायण राजभर सहित कई वरिष्ठ और युवा नेताओं को मैदान में उतारा गया है। ओबरा से उदय नारायण राजभर, गोह से गुड्डु राजवंशी, नवीनगर से धर्मेन्द्र रजवार, कुसवा से कुंदन कुमार मंडल, पूर्णिया से मीना देवी राजवंशी और कदवा से प्रदीप कुमार सुमन को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा भोजपुर, भागलपुर, पटना, कैमूर, रोहतास, नवादा, गय और अन्य जिलों से भी पार्टी ने उम्मीदवार घोषित किए हैं।

वहीं, भाजपा ने भी आज अपनी दूसरी सूची जारी की है। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए प्रत्याशियों की घोषणा जारी है। सबसे पहले भाजपा ने अपनी पहली सूची जारी की थी, उसके बाद दोपहर में जदयू की सूची आई और शाम होते-होते भाजपा ने 12 और प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी।
नई सूची में लोक गायिका मैथिली ठाकुर और चर्चित आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा का नाम शामिल है। मैथिली ठाकुर को 14 अक्टूबर को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पार्टी सदस्यता दिलाई थी। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में बक्सर से भाजपा का टिकट न मिलने पर पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने हाल ही में जनसुराज पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था और अब उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव के लिए टिकट मिल गया है।