नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनाव और वोट चोरी कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि लोगों को भी लगने लगा है कि उनके वोट चोरी हो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी वोट चोरी के आरोप लगाए।
‘बीजेपी नया चुनावी नक्शा बनाने जा रही’
राहुल गांधी ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बिल लोकतंत्र को खत्म कर देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी को छुपाने के लिए परिसीमन बिल लाया जा रहा है। राहुल गांधी के मुताबिक, बीजेपी अपने पक्ष में वोटरों को शिफ्ट करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि असम में जो हुआ, अब वही पूरे देश में हो सकता है। बीजेपी नया चुनावी नक्शा बनाने जा रही है। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए लोगों को टारगेट किया जाएगा।
‘लोकतंत्र की हत्या की जा रही है’
राहुल गांधी ने कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है और बीजेपी देश में तानाशाही लाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी का विरोध करने पर लोगों की आवाज दबा दी जाती है। उन्होंने परिसीमन बिल में SC/ST वर्ग को नजरअंदाज किए जाने का भी आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि परिसीमन आयोग में ज्ञानेश कुमार भी होंगे।
चुनाव आयोग से जुड़ी जानकारी साझा करने का दावा
राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास चुनाव आयोग से जुड़ी जानकारी है और वह जल्द ही इसे सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को लेकर भी विवादित बयान देते हुए कहा कि उन्हें जेल में होना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी को सिर्फ चुनाव जीतने से मतलब है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोट चोरी करके चुनाव जीता।
‘मुझे बीजेपी से डर नहीं लगता’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने कई प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए बीजेपी को घेरा है और पार्टी को उलझा दिया है। उन्होंने 850 नंबर का जिक्र करते हुए कहा कि यह नंबर लोगों का भविष्य खत्म करने वाला और लोकतंत्र को खत्म करने का नंबर है। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बीजेपी से डर नहीं लगता और देश की GenZ भी बीजेपी से नहीं डरती। गौरतलब है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया, वोट चोरी और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।













