मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की भरड़ावद ग्राम पंचायत इन दिनों एक अनोखी और गंभीर परेशानी से जूझ रही है। यहां की महिला सरपंच अपने पति से हुए आपसी विवाद के बाद नाराज होकर मायके चली गई हैं। घर की इस चारदीवारी के झगड़े का खामियाजा अब गांव की करीब 1700 की आबादी को भुगतना पड़ रहा है। सरपंच की गैरमौजूदगी के कारण पिछले तीन से चार महीनों से पंचायत के सभी जरूरी प्रशासनिक और वित्तीय कामकाज पूरी तरह से ठप पड़े हैं।
गांव के लोगों के जरूरी प्रमाणपत्र बनने बंद हो गए हैं, जिससे उन्हें रोजमर्रा के कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, पंचायत में चल रहे सामुदायिक भवन और सीसी रोड निर्माण जैसे विकास कार्यों के ठेकेदारों का भुगतान भी अटका हुआ है। श्मशान घाट के लिए स्वीकृत पानी की टंकी का काम भी अधर में लटका है। सबसे बड़ी चिंता गांव में पंचायत भवन के ठीक पीछे बन रहे नाले को लेकर है, जिसका निर्माण बीच में ही रुक जाने से नाला खुला पड़ा है और छोटे बच्चों के उसमें गिरने का खतरा हर वक्त बना रहता है।
पंचायत के चक्कर लगाकर थक चुके ग्रामीणों और उपसरपंच प्रतिनिधि तैयब ने आखिरकार मंदसौर जनपद कार्यालय पहुंचकर सीईओ के सामने अपनी पीड़ा रखी। स्थानीय निवासी अशरफ का कहना है कि इस समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि उन्हें परिवार के आपसी विवाद से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन गांव का विकास नहीं रुकना चाहिए। अब गांव वाले चाहते हैं कि या तो सरपंच वापस लौटकर जिम्मेदारी संभालें या फिर अपने पद से इस्तीफा दें ताकि रुके हुए काम पूरे हो सकें।












