उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीट शेयरिंग को लेकर चर्चाओं के बीच कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना का बड़ा बयान सामने आया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर होने वाली अहम बैठक से पहले मोना ने कहा कि 17 नवंबर को गठबंधन की पहली बैठक होगी, जिसमें चुनावी तैयारियों और गठबंधन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
17 नवंबर को गठबंधन की पहली बैठक
आराधना मिश्रा मोना ने कहा, “कल (17 नवंबर) हमारे गठबंधन की पहली बैठक है। समीक्षा होगी क्योंकि चुनाव नजदीक हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष और शीर्ष नेतृत्व इस पर चर्चा करेंगे कि किस तरह से हमें गठबंधन को आगे लेकर जाना है।”
सीट शेयरिंग पर क्या बोलीं आराधना मिश्रा मोना?
समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर मोना ने कहा कि वह सीटों के किसी भी आंकड़े की अपनी ओर से पुष्टि नहीं कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नेताओं से इस संबंध में इनपुट मांगे गए थे।
उन्होंने कहा, “जो भी सीटों का आंकड़ा है, इस पर मैं अपनी ओर से कोई पुष्टि नहीं कर सकती हूं क्योंकि हमारे शीर्ष नेतृत्व ने इस पर चर्चा की होगी। हां, हम प्रदेश के नेताओं से इनपुट मांगा गया था। मुझे लगता है कि कल जो बैठक होगी, उसके बाद हमारे सामने बेहतर स्थिति आएगी, जिस पर हम चर्चा कर पाएंगे। अभी सीटों की बात करना मुझे लगता है कि थोड़ी जल्दबाजी होगी।”
अखिलेश यादव ने किया था 181 सीटों का दावा
दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया था कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 181 सीटों की मांग कर रही है। इसके बाद दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
खरगे के आवास पर होगी अहम बैठक
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर होने वाली इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी। बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।












