डेस्क: दुनिया की प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल NVIDIA में नेतृत्व को लेकर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। कंपनी के CEO पद से जेनसन हुआंग के अचानक इस्तीफे के बाद उन्हें वापस लाने की मांग उठने लगी है। इसके लिए ‘स्टैंड विद जेनसन’ नाम से एक ऑनलाइन अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान की वेबसाइट पर दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 1,33,326 लोग याचिका पर हस्ताक्षर कर चुके हैं। इनमें NVIDIA के 6,667 मौजूदा कर्मचारी, 1,251 पूर्व कर्मचारी, 72,265 शेयरधारक और 53,143 अन्य समर्थक शामिल हैं।
एलन मस्क समेत कई बड़े नाम समर्थन में उतरे
जेनसन हुआंग को वापस CEO बनाने की मांग को टेक्नोलॉजी जगत की कई बड़ी हस्तियों का समर्थन मिला है। टेस्ला और स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क, रिप्लिट के CEO अमजद मसाद और एपिक गेम्स के CEO टिम स्वीनी भी इस अभियान के समर्थन में सामने आए हैं।
एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से इस याचिका का समर्थन किया है। इसके बाद इस अभियान को और अधिक चर्चा मिलने लगी है।
क्यों पद से हटे जेनसन हुआंग?
NVIDIA ने 12 नवंबर को घोषणा की थी कि जेनसन हुआंग ने कंपनी के अध्यक्ष, CEO और बोर्ड सदस्य के पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। उनके जाने के बाद कंपनी ने CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO नियुक्त किया है। वहीं, हार्वे सी. जोन्स को बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है।
जेनसन हुआंग ने वर्ष 1993 में NVIDIA की स्थापना की थी। उन्होंने करीब 33 साल तक कंपनी का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में NVIDIA ने ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए चिप बनाने वाली दुनिया की प्रमुख कंपनियों में अपनी जगह बनाई।
इस्तीफे के पीछे क्या है विवाद?
हुआंग के इस्तीफे से पहले उनकी निजी जिंदगी और एक कारोबारी महिला से जुड़े कुछ मामले चर्चा में आए थे। इस महिला पर अमेरिकी अधिकारियों को चीनी खुफिया एजेंसी से संबंध होने का संदेह बताया गया था। हालांकि, खुफिया एजेंसी से जुड़े इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
याचिका शुरू करने वालों का कहना है कि जेनसन हुआंग के अचानक पद छोड़ने के पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जाना चाहिए। उनका मानना है कि किसी भी स्थायी नेतृत्व परिवर्तन से पहले निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता जरूरी है।
NVIDIA बोर्ड से की गईं तीन बड़ी मांगें
ऑनलाइन याचिका के जरिए कंपनी के बोर्ड से तीन प्रमुख मांगें की गई हैं।
- स्वतंत्र जांच पूरी होने तक जेनसन हुआंग को CEO पद पर वापस लाया जाए।
- पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और हुआंग को अपनी बात रखने का उचित मौका मिले।
- कंपनी का बोर्ड उनके इस्तीफे से जुड़े फैसले और उसके पीछे के आधार की सार्वजनिक जानकारी दे।
हालांकि, यह अभियान स्वतंत्र रूप से चलाया जा रहा है। इसका NVIDIA कंपनी या जेनसन हुआंग से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है।
अब देखना होगा कि 1.32 लाख से ज्यादा लोगों के समर्थन और टेक जगत की बड़ी हस्तियों की प्रतिक्रिया के बाद NVIDIA का बोर्ड इस मांग पर क्या रुख अपनाता है।













