डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के दो बयानों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। शिवपाल यादव ने गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने आजम खां के उत्पीड़न का आरोप लगाया और कहा कि अब सिर्फ अदालत से ही भरोसा रह गया है। इसके साथ ही उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर भी निशाना साधा।
डासना जेल में आजम खां से मिले शिवपाल यादव
शिवपाल यादव गुरुवार को गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचे, जहां उन्होंने आजम खां से मुलाकात की। इस मुलाकात को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आजम खां से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने कहा कि उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब कोर्ट का ही भरोसा रह गया है।
मुस्लिम होने की वजह से परेशान करने का आरोप
शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि आजम खां को मुस्लिम होने की वजह से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजम खां ने गरीबों के लिए यूनिवर्सिटी बनाई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है। शिवपाल ने मुलाकात के तरीके पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जाली लगाकर मुलाकात कराई गई।
आजम खां सपा में हैं और हमेशा रहेंगे- शिवपाल
आजम खां के राजनीतिक भविष्य और समाजवादी पार्टी से उनके संबंधों को लेकर शिवपाल यादव ने साफ कहा कि आजम खां समाजवादी पार्टी में हैं और हमेशा रहेंगे। उन्होंने बताया कि आजम खां ने उनसे कहा है कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनाओ। शिवपाल के इस बयान को पार्टी के भीतर आजम खां की भूमिका और 2027 के चुनाव को लेकर दिए गए राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर भी साधा निशाना
आजम खां से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गठबंधन बीजेपी को हटाने के लिए नहीं बना है। शिवपाल ने कहा कि ये लोग बीजेपी को हटाना नहीं चाहते और इनका गठबंधन बीजेपी के समर्थन में है।
2027 चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक बयानबाजी
गौरतलब है कि AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का ऐलान किया है। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। दोनों नेताओं के गठबंधन के बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।













