‘कॉफी विद करण सीजन 9’ में नजर आने के बाद विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए। शो में दोनों की बातचीत के बाद उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने विजय के व्यवहार पर सवाल उठाए और उन्हें रेड फ्लैग तक करार दिया। अब विजय और रश्मिका ने इस कॉन्ट्रोवर्सी पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए ट्रोलिंग का जवाब दिया है।
विजय देवरकोंडा ने ट्रोलर्स को दिया जवाब
विजय देवरकोंडा ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए रश्मिका को अपनी सबसे अच्छी दोस्त, पत्नी और जीवनसंगिनी बताया। उन्होंने कहा कि रश्मिका उनकी जिंदगी के सबसे खूबसूरत हिस्सों में से एक हैं और उन्होंने उन्हें बिल्कुल सही चुना है।
विजय ने आगे कहा कि जो लोग उनके रिश्ते की चिंता करते हैं, उन्हें बता देना चाहते हैं कि वे दोनों बहुत खुश हैं। उन्होंने खुद को खुशनसीब बताते हुए कहा कि अगर पूरी दुनिया एक तरफ हो और वे दोनों दूसरी तरफ, तो भी उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है।
अपने संदेश के आखिर में विजय ने प्यार का जश्न मनाने और सादगी से खुशी-खुशी जीने वाले लोगों के प्रति प्यार जताया। वहीं, ट्रोलिंग करने वालों को जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘बिना किसी लिहाज या सम्मान के बाकी सब लोग भाड़ में जाएं।’
रश्मिका मंदाना ने लंबी पोस्ट में रखी अपनी बात
रश्मिका मंदाना ने भी इस पूरे विवाद पर सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर इस तरह की बातों पर प्रतिक्रिया नहीं देतीं, क्योंकि हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी उन्हें लोगों की बातें पढ़कर अलग नजरिया समझना अच्छा लगता है।
हालांकि, रश्मिका के मुताबिक, उनके और विजय के इंटरव्यू को लेकर जिस तरह का माहौल बना हुआ है, वह अलग-अलग राय से ज्यादा ऐसी भीड़ जैसा लग रहा है, जो अपना गुस्सा निकालने के लिए किसी को निशाना बना रही है।

शादी के फैसले को लेकर क्या बोलीं रश्मिका?
रश्मिका ने अपने नोट में उस चर्चा पर भी सफाई दी, जिसमें उनके रिश्ते और शादी के फैसले को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि यह कभी भी गिनती या पूरे एक साल की बात नहीं थी। उनके और विजय के बीच इस विषय पर बातचीत हुई थी, लेकिन दोनों में से कोई भी बड़े प्रपोजल की उम्मीद नहीं कर रहा था।
रश्मिका ने बताया कि दोनों यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि जिंदगी के उतार-चढ़ाव, खुशियों और मुश्किलों के बावजूद वे एक-दूसरे के साथ रहना चाहते हैं या नहीं। इसके बाद उन्होंने एक-दूसरे को चुना।
‘100 बार नहीं, 1000 बार भी पूछूंगी’
रश्मिका ने उस बयान पर भी जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने शादी के लिए विजय से 100 बार पूछा था। इस पर उन्होंने अपने प्यार का इजहार करते हुए कहा कि अगर वह प्यार में डूबी हुई हैं, तो इसमें गलत क्या है। उन्होंने कहा कि अपने प्यार के लिए वह 100 बार ही नहीं, बल्कि 1000 बार भी ऐसा करेंगी।
क्या है ‘कॉफी विद करण’ की कॉन्ट्रोवर्सी?
‘कॉफी विद करण सीजन 9’ में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर बहस शुरू हो गई थी। शो में विजय की बातों और उनके व्यवहार को लेकर कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए और उन्हें ‘रेड फ्लैग’ कहा। वहीं, कुछ लोगों ने रश्मिका को इस रिश्ते से बाहर निकलने की सलाह भी दी।
इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे से जुड़े वीडियो और मीम्स की बाढ़ आ गई। अब विजय और रश्मिका ने अपनी प्रतिक्रियाओं के जरिए साफ किया है कि वे अपने रिश्ते को लेकर खुश हैं और ऑनलाइन ट्रोलिंग से प्रभावित नहीं होना चाहते।














