लखनऊ: राजधानी के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके के ब्राह्मणी टोला में सोमवार को गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर तीन लोगों को गोली मार दी। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फायरिंग में पिता और चाचा की मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक, फायरिंग के दौरान 65 वर्षीय शिवाजी तिवारी और उनके 55 वर्षीय भाई शिवेंद्र तिवारी के सिर में गोली लगी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, शिवाजी तिवारी के बेटे सुयश तिवारी के सिर में और शंभू के सीने में गोली लगी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रॉमा सेंटर में सुयश ने तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान सुयश तिवारी की भी मौत हो गई। वहीं, शंभू की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
आरोपी नेवी में करता है काम, पुलिस हिरासत में
वारदात को अंजाम देने का आरोप ऋषभ शुक्ला पर है, जो नेवी में काम करता है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
अगले महीने होनी थी सुयश की शादी
इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। शिवाजी तिवारी के बेटे सुयश की अगले महीने शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन फायरिंग की इस घटना में सुयश समेत परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। शादी की खुशियों वाले घर में अब मातम पसरा हुआ है।














