राजधानी दिल्ली में चल रहे राजनीतिक घमासान के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और आरएसएस पर तीखा हमला बोला है। जंतर-मंतर पर हालिया प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बाद राहुल गांधी ने मोदी सरकार के शीर्ष नेतृत्व और प्रमुख प्रशासनिक हस्तियों पर सीधा निशाना साधते हुए उन्हें ‘खलनायक’ करार दिया। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल का नाम लेते हुए कहा कि यह सभी इस व्यवस्था के खलनायक हैं और अब चारों तरफ से घिरते जा रहे हैं।
बता दें, सरकार और पुलिसिया दमन को खुली चुनौती देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रशासन चाहे जितनी पुलिस बल तैनात कर ले—चाहे 10 हजार, 20 हजार या 50 हजार पुलिसकर्मी बुला लीजिए—कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे सभी विपक्षी नेताओं और प्रदर्शनकारी युवाओं को गिरफ्तार कर ले, लेकिन वे रुकने वाले नहीं हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि हम सरकार को चारों तरफ से घेर रहे हैं और हमारे पास जो जरूरी जानकारियां होनी चाहिए, वे पहले से ही मौजूद हैं।
कांग्रेस नेता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे पिछले एक दशक से प्रधानमंत्री मोदी और आरएसएस की नीतियों के खिलाफ वैचारिक और राजनीतिक लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने देश के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखें, कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ उनके साथ खड़ी है। राहुल गांधी ने अंत में दोहराया कि चाहे कितनी भी बाधाएं आएं, वे देश के संविधान और आम जनता की आवाज की रक्षा हर हाल में करेंगे।














