पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘मावां-धीआं सतिकार योजना’ के तहत राज्य की महिलाओं के खातों में सम्मान राशि की अगली किस्त ट्रांसफर कर दी है। इस योजना के तहत अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर महीने की दूसरी किस्त जारी करते हुए 36.87 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1,262.54 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। राशि पहुंचते ही महिलाओं के मोबाइलों पर आए ‘टूं-टूं’ के संदेशों से उनके चेहरों पर खुशी छा गई। श्री गोइंदवाल साहिब में एक विशाल समागम को संबोधित करते हुए सीएम मान ने दावा किया कि जब तक उनकी सरकार सत्ता में है, महिलाओं के फोनों पर यह संदेश लगातार गूंजते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि अगर ये पार्टियां सत्ता में आईं तो महिलाओं की मासिक सम्मान राशि, मुफ्त बिजली और मुफ्त बस यात्रा जैसी सभी जनहितकारी योजनाएं बंद कर देंगी। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के टैक्स के पैसे का इस्तेमाल पूरी ईमानदारी से लोक भलाई के कार्यों में कर रही है। अब तक महिलाओं के खातों में कुल 3,824.87 करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना और उनका आत्म-विश्वास बढ़ाना है, जिसके तहत लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

संबोधन के दौरान सीएम मान ने शिक्षा के क्षेत्र में आए क्रांतिकारी बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब स्कूली शिक्षा में देश में पहले स्थान पर आ गया है। इसके अलावा कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए 14,000 किलोमीटर लंबी पाइपलाइनें बिछाई गई हैं और किसानों को दिन के समय बिजली मुहैया कराई जा रही है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।














