नई दिल्ली से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है, जहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मध्य प्रदेश के बालाघाट दौरे की जानकारी साझा की है। राहुल गांधी आज बालाघाट पहुंचकर उन आदिवासी परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिन्होंने बीमारी और सरकारी उपेक्षा के कारण अपने मासूम बच्चों को खो दिया है। उनके इस दौरे को राजनीतिक और सामाजिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
मैं आज बालाघाट आ रहा हूं।
उन आदिवासी परिवारों से मिलने, जिन्होंने बीमारी और BJP सरकार की उपेक्षा के कारण अपने मासूम बच्चों को खोया है। उनके साथ वक्त बिताकर उन्हें बताना चाहता हूं कि इस दुख में वो अकेले नहीं हैं – मैं उनके साथ हूं।
कुछ दिनों पहले केन-बेतवा आंदोलन के आदिवासी…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 1, 2026
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि वे आज बालाघाट आ रहे हैं ताकि उन दुखी परिवारों के साथ वक्त बिता सकें और उन्हें यह अहसास करा सकें कि इस दुख की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं। उन्होंने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बच्चों की मौत प्रशासनिक उपेक्षा और बीमारी के कारण हुई है। अपने संदेश में आदिवासी भाई-बहनों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे उनके हर संघर्ष में चट्टान की तरह साथ खड़े हैं और उनकी आवाज को बुलंद करना उनकी मुख्य जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेता के इस दौरे से एक बार फिर राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं और आदिवासी विकास के मुद्दों पर बहस तेज हो गई है। स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच इस संवदेनशील मुद्दे पर हलचल बढ़ गई है। राहुल गांधी के इस दौरे के दौरान पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने और उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की उम्मीद जताई जा रही है।














