नई दिल्ली: दिल्ली में होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक से पहले राजधानी का सियासी माहौल गरमाता नजर आ रहा है। मध्य दिल्ली के कई इलाकों में ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें विपक्षी नेताओं पर चुनाव आयोग (ECI) और EVM को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया गया है। इन पोस्टरों में राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया है।
पोस्टरों में विपक्षी नेताओं से पूछे गए सवाल
सामने आए पोस्टरों में विपक्षी गठबंधन के नेताओं से अलग-अलग सवाल पूछे गए हैं। एक पोस्टर पर लिखा है, “INDI Alliance का दोगलापन, जीते तो ECI को ताली, हारे तो ECI को गाली।” इस संदेश के जरिए विपक्ष पर चुनाव आयोग को लेकर कथित तौर पर अलग-अलग रुख अपनाने का आरोप लगाया गया है।
एक अन्य पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बिहार चुनाव से जुड़े मुद्दे पर घेरने की कोशिश की गई है। पोस्टरों में विपक्षी नेताओं की तस्वीरों के साथ चुनाव आयोग, EVM और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
SIR और चुनाव आयोग पर बैठक में होगी चर्चा
दरअसल, INDIA ब्लॉक की बैठक ऐसे समय होने जा रही है, जब विपक्षी दल SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष की ओर से मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएं सामने रखी जाती रही हैं।
ऐसे में बैठक से ठीक पहले दिल्ली की सड़कों पर लगे ये पोस्टर राजनीतिक बहस को एक नया मुद्दा दे रहे हैं। एक तरफ विपक्षी दल बैठक में चुनाव आयोग और SIR जैसे मुद्दों पर आगे की रणनीति पर चर्चा करने वाले हैं, वहीं दूसरी तरफ पोस्टरों के जरिए उन्हीं मुद्दों को लेकर विपक्ष पर हमला बोला जा रहा है।
पोस्टरों के पीछे कौन, अभी साफ नहीं
हालांकि, इन पोस्टरों के पीछे किसका हाथ है और इन्हें किस संगठन या व्यक्ति ने लगवाया है, यह तस्वीर सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा। लेकिन इतना जरूर है कि INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले दिल्ली में पोस्टर वार ने सियासी हलचल बढ़ा दी है।















