क्या आपका स्मार्टफोन भी रात को 100% चार्ज करके सोने के बाद सुबह तक बिना किसी इस्तेमाल के 15 से 20 प्रतिशत बैटरी खो देता है? अगर आप सोचते हैं कि इसके पीछे आपकी पुरानी बैटरी जिम्मेदार है, तो आप गलत हो सकते हैं। कई बार आपके फोन में मौजूद कुछ हिडन ऐप्स बैकग्राउंड में लगातार एक्टिव रहकर इंटरनेट, जीपीएस, प्रोसेसर और अन्य सिस्टम रिसोर्स का इस्तेमाल करते रहते हैं, जिससे फोन की बैटरी तेजी से खत्म होती है।
बता दें, इन बैटरी ड्रेन करने वाले ऐप्स की पहचान करना बेहद आसान है। एंड्रॉइड स्मार्टफोन यूजर्स सबसे पहले फोन की ‘Settings’ में जाएं और ‘Battery’ या ‘Battery & Device Care’ के विकल्प पर टैप करें। यहां आपको ‘Battery Usage’ या ‘Battery Usage by Apps’ का ऑप्शन दिखाई देगा। इस पर क्लिक करते ही उन सभी ऐप्स की लिस्ट आ जाएगी जिन्होंने पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा पावर कंज्यूम की है। यदि कोई ऐसा ऐप लिस्ट में ऊपर दिखता है जिसे आपने रात में ओपन भी नहीं किया था, तो उसकी बैकग्राउंड एक्टिविटी को तुरंत रिस्ट्रिक्ट कर दें।
वहीं, आईफोन यूजर्स ‘Settings’ > ‘Battery’ सेक्शन में जाकर ‘Last 24 Hours’ का डेटा चेक कर सकते हैं। यहां बैकग्राउंड टाइम देखकर पता चल जाएगा कि कौन सा ऐप रात में एक्टिव था। इन ऐप्स के लिए ‘Background App Refresh’ और ‘Location Services’ को डिसेबल करके आप अपने स्मार्टफोन की बैटरी लाइफ को काफी हद तक बचा सकते हैं।














