लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने पूरी ताकत से कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के 59 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें 8 जिलों में रेड अलर्ट और 51 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के कारण मानसून सक्रिय हुआ है, जिससे कई जिलों में 36 घंटों से लगातार वर्षा हो रही है।
किन जिलों में रेड अलर्ट?
श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में आज स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बदायूं, कानपुर, गोरखपुर और प्रयागराज समेत 51 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लखनऊ में 90 मिमी बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त
राजधानी लखनऊ में 90 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। 32 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हालांकि, लगातार बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बाराबंकी में 23 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। कानपुर में पिछले 24 घंटे में 175 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
हवाई सेवा प्रभावित, 6 फ्लाइट डायवर्ट
तेज बारिश और कम विजिबिलिटी के चलते लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान संचालन प्रभावित हुआ। 6 विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सके और उन्हें दिल्ली व नोएडा एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। हैदराबाद, गोवा, इंदौर और बेंगलुरु से आ रही इंडिगो की फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को भी दिल्ली भेजा गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे जाम के कारण एयरपोर्ट पहुंचने में देरी हो सकती है, इसलिए घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
स्कूलों में अवकाश घोषित
भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए लखनऊ के जिलाधिकारी ने कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं, गोरखपुर में भी डीएम दीपक मीणा के निर्देश पर कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों में आज अवकाश रहेगा। बिजनौर, गोंडा, सुल्तानपुर, कानपुर, प्रयागराज, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, सिद्धार्थनगर, हमीरपुर, बांदा, मऊ, सोनभद्र, चित्रकूट, कन्नौज, इटावा, मिर्जापुर और बहराइच में भी स्कूल बंद रहेंगे।
डीएम-नगर आयुक्त ने किया जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण
भारी बारिश के बीच लखनऊ के डीएम और नगर आयुक्त ने शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जनेश्वर रेलवे अंडरपास, ग्वारी-हुसड़िया, हाईकोर्ट-आईजीपी रोड, विजयपुर अंडरपास, इकाना, अहिमामऊ, लेखराज मार्केट और टेढ़ी पुलिया समेत कई इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों से तत्काल पानी निकालने के निर्देश दिए और सभी पंपिंग स्टेशनों को 24 घंटे पूरी क्षमता से चालू रखने को कहा। गोमतीनगर, खदरा और जानकीपुरम पंपिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया। स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम से लाइव निगरानी जारी है।
लखनऊ समेत अन्य जिलों से रिपोर्ट
लखनऊ में बिजली व्यवस्था प्रभावित: तेज बारिश से बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। शहर से लेकर गांव तक कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। अंडरग्राउंड केबल, एचटी लाइन और ट्रांसफार्मर में फॉल्ट हुए। पेड़ गिरने से कई जगह बिजली के खंभे और लाइनें टूट गईं। चौक सोनिया गांधी मार्केट में एलटी पोल गिर गया।
लखनऊ में पेड़ गिरने से मार्ग बाधित: तेज आंधी और बारिश के चलते गौतम पल्ली कॉलोनी मेन रोड पर पेड़ गिर गया, जिससे मार्ग बाधित हो गया और आवागमन ठप हो गया। राहगीरों ने नगर निगम को सूचना दी।
बाराबंकी: तेज आंधी और बारिश का कहर जारी है। 48 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। बदोसराय कस्बे के पुरानी बाजार में तेज आंधी के चलते विशालकाय पेड़ गिर गया, जिससे विद्युत पोल टूट गया। जिले में किसानों की धान फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। कई जगह पेड़ गिरने से विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह 24 घंटे से बिजली गुल है।
प्रयागराज: दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। 48 घंटे में तापमान 10 डिग्री गिर गया। बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों में बिजली गुल है और पानी भरने से लोग परेशान हैं।
कुशीनगर: तेजी से बढ़ रहे नारायणी नदी के जलस्तर को देखते हुए गंडक बैराज से 2 लाख 90 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। नेपाल की पहाड़ियों में बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ा है। छितौनी तटबंध का एडीएम पवन कुमार ने निरीक्षण किया। ठोकर नंबर-3 पर एसडीआरएफ की टीम तैनात कर दी गई है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
सीतापुर: भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट है। जलभराव वाले मोहल्लों की निगरानी हो रही है। नदी के किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्णागुरी मोहल्ले में करीब 150 लोग प्रभावित हुए हैं, जिन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। डीएम और एसपी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं।
श्रावस्ती: बारिश से कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक युवक घायल हो गया। सोते समय मलबे में दबे युवक को परिजनों ने मलबा हटाकर बाहर निकाला। जमुनहा के मल्हीपुर खुर्द की यह घटना है।
कौशाम्बी: बारिश से कच्चे मकानों की दीवारें गिरने का सिलसिला जारी है। नगर पंचायत पूरब पश्चिम शरीरा के वार्ड 9, 10 और 12 में मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने आवास योजना का लाभ न मिलने और लेखपाल पर बिना जांच के अपात्र करने का आरोप लगाया है। प्रशासन से मौके की जांच कर आवास दिलाने की गुहार लगाई गई है।
उन्नाव: दो दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते अजगैन कोतवाली क्षेत्र में पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
कासगंज: बारिश से शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। डीएम ने अपनी टीम के साथ शहर की सड़कों पर खुद छाता लेकर निरीक्षण किया। पानी की निकासी न होने पर नगर पालिका कासगंज के कार्य पर नाराजगी जताई और बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
सिद्धार्थनगर: 36 घंटे से बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। डुमरियागंज में मंडी समिति की बाउंड्री का पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी हो रही है। नगर पंचायत के वार्ड नं-9 सुभाष नगर की यह घटना है।
आजमगढ़: भारी बारिश से आवागमन बाधित हो गया। बोंगरिया बाजार में भीषण जलभराव हुआ। बिजली के तार पर अचानक पेड़ गिर गया, जिससे बोंगरिया बाजार-रस्तीपुर मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।
मेरठ: वेस्ट यूपी, दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। कई जिलों में कक्षा-12 तक के स्कूल बंद रहेंगे। खराब मौसम में घर से न निकलने की एडवाइजरी जारी की गई है। पहाड़ियों में शाकुम्भरी मां के दर्शन पर रोक लगा दी गई है, क्योंकि भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।













