उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुनियादी ढांचे और आवासीय सुविधाओं को नया विस्तार देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ विकास प्राधिकरण की दो बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सीएम योगी ने वैदिक विधि-विधान से ‘वरुण विहार’ और ‘नैमिष नगर’ योजनाओं का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही वरुण विहार आवासीय परियोजना के तहत प्लॉट स्कीम के पंजीकरण की प्रक्रिया का भी आधिकारिक शुभारंभ कर दिया गया है।
बता दें, संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की पावन धरा को नमन करते हुए कहा कि आज राजधानी में चौतरफा विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे लखनऊ एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क का काम नए पंख लगा रहा है। सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि लखनऊ अब सिर्फ एक प्रशासनिक केंद्र नहीं, बल्कि एजुकेशन, हेल्थकेयर और मैन्युफैक्चरिंग के बड़े वैश्विक हब के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में अब ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है, जिससे देश के दुश्मन थर्राते हैं। उन्होंने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जहां लोग बिजली, पानी और बदहाल सड़कों की बुनियादी समस्याओं से जूझते थे, वहीं आज हमारी सरकार हर आय वर्ग के नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं का सीधा लाभ पहुंचा रही है।













