उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जेल से छूटकर आए एक नामी हिस्ट्रीशीटर का उसके समर्थकों ने किसी नेता की तरह जोरदार स्वागत किया। अतरौली थाना क्षेत्र के कस्बा इलाके में गौकशी के कई मामलों में आरोपी हिस्ट्रीशीटर शफीक कसाई के जेल से बाहर आने पर गाड़ियों के बड़े काफिले और आतिशबाजी के साथ उसका स्वागत किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शफीक कसाई पर गौकशी और अन्य गंभीर अपराधों के 20 से भी अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहने के कारण पुलिस प्रशासन द्वारा उसके खिलाफ पूर्व में जिलाबदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। इसके बावजूद, जेल से रिहा होने के बाद जिस तरह से नियमों और कानून की परवाह किए बिना समर्थकों ने सड़कों पर जलूस निकाला, उसने पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हद तो तब हो गई जब हिस्ट्रीशीटर के बेटे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने पिता की फोटो और काफिले का वीडियो पोस्ट करते हुए उन्हें ‘किंग’ (राजा) बता दिया। इंटरनेट पर यह वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति का इस तरह खुलेआम महिमामंडन किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। फिलहाल इस पूरे मामले का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच-पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।














