लखनऊ। राजधानी समेत प्रदेश के कई शहरों में गंदा फास्ट फूड परोसने वाले आउटलेट्स के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ा एक्शन लिया है। लखनऊ, नोएडा और गोरखपुर में एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें कुल 233 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनके आधार पर 163 सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।
नोएडा में कड़ी कार्रवाई
नोएडा में 71 फास्ट फूड आउटलेट्स पर छापा मारा गया। यहां किचन में चूहों की मौजूदगी और एक्सपायर्ड नॉनवेज मिलने जैसी गंभीर लापरवाहियां सामने आईं। इन्हें देखते हुए नोएडा में 13 आउटलेट्स का लाइसेंस सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लखनऊ में इन आउटलेट्स पर एक्शन
लखनऊ में 78 फूड कोर्ट और आउटलेट्स पर छापेमारी की गई, जहां 42 फूड आउटलेट्स को सुधार नोटिस जारी किए गए। शालीमार गेटवे का सबवे गंदगी मिलने पर बंद कराया गया। इसके अलावा आर्क बलेनो में फफूंद लगा वड़ा पाव बनाकर परोसे जाने पर गोली वड़ा पाव को भी बंद कराया गया। फन मॉल स्थित बीकानेरवाला में भी खाने में फफूंद मिली, जिसके बाद बदबूदार खाना मिलने पर उसे भी बंद करा दिया गया।












