मुजफ्फरनगर। जिले में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की किसान-मजदूर महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें राकेश टिकैत ने सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहलवान की खुराक बादाम है, जबकि बीजेपी की खुराक मस्जिद है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हिंदू-मुस्लिम के नाम पर चुनाव लड़ती है।
‘गांव के स्कूल बंद किए, किसानों के हालात खराब’
राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों के हालात बेहद खराब हैं और गांव के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि वह किसी गलतफहमी में न रहे। महापंचायत में किसानों ने अपनी 15 मुख्य मांगों को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
किसानों की मुख्य मांगें
किसानों ने एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) कानून बनाने की मांग उठाई। इसके अलावा 300 यूनिट मुफ्त बिजली, गन्ने के भाव बढ़ाने, भूमि अधिग्रहण के सर्किल रेट बढ़ाने, गन्ना और आलू के दाम बढ़ाने तथा खाद की किल्लत दूर करने की मांग भी रखी गई।











