उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से धोखाधड़ी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां खुद को पंजाब नेशनल बैंक का मैनेजर बताने वाले एक शातिर ठग ने सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर चार लोगों से लगभग 29 लाख रुपये की ठगी कर ली। रकम ऐंठने के बाद फर्जी बैंक मैनेजर अपना सारा सेटअप, जिसमें लैपटॉप, फर्नीचर और ऑफिस का सामान शामिल था, मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
बता दें, पीड़ितों की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने खुद की पहचान भोपाल निवासी ‘रोहित बाजपेयी’ के रूप में बताई थी और फर्जी आईडी दिखाई थी। उसने बैंक नीलामी का सस्ता सोना दिलवाने का भरोसा देकर चार पीड़ितों से कुल 29 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद जब न सोना मिला और न पैसे वापस हुए, तो पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने शहर कोतवाली में मामला दर्ज कराया।
मामला दर्ज होते ही सीतापुर शहर कोतवाली पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए फर्जी बैंक मैनेजर के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पकड़े गए ड्राइवर से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और फर्जी आईडी के सहारे ठगी करने वाले मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।













