केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पुनर्गठन को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सीबीएफसी की नई टीम का औपचारिक गठन करते हुए 18 नए सदस्यों को बोर्ड में नामित किया है। इस नए सलाहकार बोर्ड में भारतीय सिनेमा और टेलीविजन जगत के कई दिग्गज कलाकारों को जगह दी गई है।
बता दें, सेंसर बोर्ड के नए सदस्यों में बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी, अभिनेत्री प्रीति जिंटा और अपनी संजीदा अदाकारी के लिए मशहूर पंकज त्रिपाठी शामिल हैं। इनके अलावा लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेत्री रूपाली गांगुली और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री पल्लवी जोशी को भी 18 सदस्यीय बोर्ड का हिस्सा बनाया गया है।
केंद्र सरकार द्वारा गठित यह 18 सदस्यीय नई टीम फिल्मों के प्रमाणन, वर्गीकरण और सिनेमाई मानकों की समीक्षा का काम देखेगी। माना जा रहा है कि फिल्म और टीवी उद्योग के अनुभवी चेहरों को शामिल करने से बोर्ड की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, समावेशी और समकालीन सिनेमा की जरूरतों के अनुकूल बनेगी।














