डेस्क : दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत से जुड़े मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने FIR दर्ज कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक, एजेंसी ने यह कदम बॉम्बे हाई कोर्ट के उस आदेश के बाद उठाया है, जिसमें दिशा की मौत की जांच CBI से कराने का निर्देश दिया गया था।
बता दे कि दिशा सालियन की मौत जून 2020 में मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत से गिरने के बाद हुई थी। उस समय मुंबई पुलिस ने मामले को दुर्घटनावश हुई मौत मानते हुए ADR दर्ज की थी। करीब छह दिन बाद सुशांत सिंह राजपूत भी मुंबई स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे। दोनों घटनाओं के बीच कथित संबंध को लेकर उस समय कई तरह के सवाल और चर्चाएं सामने आई थीं।
छह साल तक FIR नहीं होने पर हाई कोर्ट ने जताई नाराजगी
वही बॉम्बे हाई कोर्ट ने हाल ही में दिशा सालियन मामले की CBI जांच का रास्ता साफ किया था। सुनवाई के दौरान अदालत ने इतने लंबे समय तक नियमित FIR दर्ज नहीं किए जाने को लेकर मुंबई पुलिस की जांच पर सवाल उठाए थे। अदालत ने पुलिस की कार्रवाई में सामने आई कमियों पर भी टिप्पणी की थी। कोर्ट के मुताबिक, जांच से मामले के स्पष्ट जवाब मिलने के बजाय कई नए सवाल खड़े हुए।
पहले दर्ज हुई थी एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट
दिशा सालियन की मौत 8 जून 2020 को हुई थी। मुंबई पुलिस ने शुरुआत में इसे दुर्घटनावश हुई मौत का मामला माना और ADR दर्ज की थी। दिशा ने कुछ समय तक सुशांत सिंह राजपूत के मैनेजर के तौर पर काम किया था। इसके बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत की मौत ने पूरे मामले को अलग मोड़ दे दिया। दोनों घटनाओं के बीच संभावित कनेक्शन को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक कई तरह के दावे और सवाल उठे।
सुशांत मामले में CBI पहले ही कर चुकी है जांच
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद महाराष्ट्र सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंपने का फैसला किया था। जांच पूरी करने के बाद एजेंसी ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी, जिसमें सुशांत की मौत को आत्महत्या बताया गया था। हालांकि, इस रिपोर्ट पर संबंधित अदालत में अभी अंतिम सुनवाई बाकी है। अब दिशा सालियन की मौत के मामले में CBI द्वारा FIR दर्ज किए जाने के बाद जांच एजेंसी नए सिरे से पूरे घटनाक्रम की पड़ताल करेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।












