बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पारिवारिक विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां 80 वर्षीय पति मेवालाल और 65 वर्षीय पत्नी फूलवती के बीच करीब एक साल से चल रहा पारिवारिक मुकदमा आखिरकार समझौते के साथ खत्म हो गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद का निपटारा किया।
मसौली थाना क्षेत्र के भुहेरा कला गांव निवासी मेवालाल और उनकी पत्नी फूलवती के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया गया कि बहू के नाम जमीन लिखे जाने से पत्नी फूलवती नाराज थीं। इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच मामला अदालत तक पहुंच गया था।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। समझौते के तहत पति मेवालाल ने अपनी पत्नी फूलवती के नाम चार बिस्वा जमीन कर दी। इसके बाद दोनों के बीच चल रहा पारिवारिक मुकदमा समाप्त हो गया। मामले का सबसे भावुक और अनोखा पहलू तब देखने को मिला, जब समझौते के बाद पति-पत्नी ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। लंबे समय से चले आ रहे विवाद को भुलाकर दोनों ने साथ रहने पर सहमति जताई।
राष्ट्रीय लोक अदालत में हुए इस समझौते ने न सिर्फ एक पारिवारिक विवाद को खत्म किया, बल्कि उम्र के इस पड़ाव पर पति-पत्नी के बीच रिश्ते को एक नई शुरुआत भी दी। दोनों के बीच समझौते के बाद माहौल भावुक हो गया।











