उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर बलिया की दिव्यांग बेटी रागिनी से मुलाकात की। स्कूल जाने में हो रही परेशानी को देखते हुए रागिनी ने सीएम योगी से ट्राइसिकल की गुहार लगाई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों पर बलिया जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की थी। प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए रागिनी को दो ट्राइसिकल भेंट की थीं।
इस त्वरित सहायता के बाद क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह की मौजूदगी में रागिनी और उसके माता-पिता लखनऊ आकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने रागिनी का हालचाल जाना, उसके उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया और पढ़ाई में हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
रागिनी और उसके परिजनों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की त्वरित कार्यशैली से आज बेटी के लिए स्कूल जाना और पढ़ाई जारी रखना आसान हो गया है। मुख्यमंत्री की इस मानवीय पहल और प्रशासनिक तत्परता की सराहना की जा रही है।













