बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही एक बड़े कानूनी विवाद में फंस गई हैं। एविशन कंपनी ड्यून्स एविएशन ने गुजरात की गांधीनगर कोर्ट में अभिनेत्री के खिलाफ 3 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि नोरा फतेही ने सोशल मीडिया पर उनके चार्टर्ड विमान को लेकर गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी की, जिससे कंपनी की व्यावसायिक साख को भारी नुकसान पहुंचा है। अदालत इस मामले पर 25 सितंबर को सुनवाई करेगी।
पूरा मामला पिछले साल दिसंबर का है, जब मुंबई से जयपुर उड़ान के दौरान नोरा फतेही ने सेसना साइटेशन सीजे2 विमान के अंदर से एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। उन्होंने इस विमान को “खिलौना”, छोटा और “लेगो एयरप्लेन” बताते हुए अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर कर दिया। 4.6 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स वाली अभिनेत्री के इस वीडियो के बाद कंपनी को कमर्शियल नुकसान उठाना पड़ा।
कंपनी द्वारा अप्रैल में दाखिल की गई याचिका में कहा गया है कि बिना किसी तकनीकी जानकारी के दिए गए इस बयान के कारण उनकी बुकिंग में 15 से 20 प्रतिशत की गिरावट आई है और कई लोगों ने बुकिंग रद्द करा दी। याचिका में 3 करोड़ रुपये के हर्जाने के अलावा कोर्ट से मांग की गई है कि सोशल मीडिया से यह वीडियो तुरंत हटवाया जाए और अभिनेत्री से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दिलवाया जाए।















