कानपुर: कानपुर शहर में विकास और सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। कल्याणपुर सीट से बीजेपी विधायक नीलिमा कटियार और आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के घर के आसपास की सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था को लेकर भारत समाचार की ग्राउंड रिपोर्ट में बदहाल स्थिति दिखाई गई है।
कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार के आवास के आसपास सड़क की स्थिति खराब होने, नाली और कूड़े की समस्या को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विधायक नीलिमा कटियार खुद को तेजतर्रार विधायक के तौर पर पेश करती हैं, लेकिन उनके घर के आसपास की तस्वीरें स्थानीय व्यवस्था पर सवाल खड़े करती नजर आती हैं। ऐसे में सवाल है कि जब विधायक के अपने घर के आसपास सड़क और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है तो पूरे विधानसभा क्षेत्र की स्थिति कैसी होगी।

वहीं, आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के आवास के आसपास भी सड़क की बदहाली की तस्वीर सामने आई है। अमिताभ बाजपेई कानपुर शहर की समस्याओं को लेकर अक्सर धरना-प्रदर्शन करते रहे हैं, लेकिन उनके खुद के आवास के आसपास सड़क और नाली की स्थिति सवाल खड़े कर रही है।

भारत समाचार की ग्राउंड जीरो रिपोर्ट में विधायक अमिताभ बाजपेई के मोहल्ले की स्थिति को दिखाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जिस सड़क और इलाके से विधायक खुद गुजरते हैं, वहां भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।












