देश की राजधानी दिल्ली समेत कई प्रमुख शहरों में आम जनता को रसोई के बजट से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र ने गुरुवार से दिल्ली में 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती (सब्सिडी) दर पर प्याज की खुदरा बिक्री शुरू करने का निर्णय लिया है। दिल्ली-एनसीआर के अलावा मदुरै, चेन्नई, गुवाहाटी और एर्नाकुलम में भी सस्ती दरों पर प्याज की सप्लाई भेजी जा रही है।
बता दें, केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी गुरुवार को इस सब्सिडी वाली बिक्री का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उपभोक्ता मामले मंत्रालय के अनुसार, बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा यह प्याज वर्ष 2026 के लिए प्रमुख उत्पादक राज्यों में रखे गए 1.21 लाख टन के बफर स्टॉक से निकाला गया है। इस खुदरा बिक्री का जिम्मा तीन प्रमुख एजेंसियों—नाफेड, एनसीसीएफ और केंद्रीय भंडार को सौंपा गया है। महाराष्ट्र के नासिक से ‘कांदा एक्सप्रेस’ ट्रेन के जरिए 400 टन प्याज की खेप दिल्ली पहुंच रही है।
एनसीसीएफ के प्रबंध निदेशक एनिस जोसेफ चंद्रा ने बताया कि शुरुआत में दिल्ली में 15 मोबाइल वैन तैनात की जाएंगी, जिनकी संख्या जल्द बढ़ाकर 40 की जाएगी। इसके अलावा केंद्रीय भंडार के 100 स्टोर और मदर डेयरी के 300 आउटलेट्स के माध्यम से भी यह सस्ता प्याज जनता को उपलब्ध कराया जाएगा। चंडीगढ़, लुधियाना और वाराणसी जैसे शहरों में भी रेल के माध्यम से प्याज की आपूर्ति की जाएगी ताकि सप्ताहांत तक एनसीआर और अन्य प्रमुख शहरों के नागरिकों को महंगाई से राहत दी जा सके।














