जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एक ईको कार हादसे का शिकार हो गई। जिले की सुरनकोट तहसील के शींदरा गांव के पास बुधवार देर शाम एक अनियंत्रित ईको कार गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए पुंछ के राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में शामिल एक बच्चे की हालत बेहद नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसी (GMC) राजोरी रेफर कर दिया गया है। अन्य दो घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
देर शाम हादसा होने के कारण शुरुआती राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों और प्रशासन को थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।












