डेस्क : अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में भारतीय संस्कृति से जुड़े एक बड़े त्योहार को आधिकारिक सम्मान मिला है। कैलिफोर्निया स्टेट असेंबली ने 8 नवंबर 2026 को ‘दीवाली डे’ के रूप में मान्यता देने का प्रस्ताव पारित किया है।
बता दे कि इस प्रस्ताव के जरिए राज्य के लोगों को दीवाली के उत्सव में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। प्रस्ताव को असेंबली सदस्यों दर्शन पटेल और ऐश कालरा की ओर से पेश किया गया था। वही प्रस्ताव में कैलिफोर्निया और दुनिया भर में रहने वाले भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान जताया गया है।
दीवाली को बताया गया ‘रोशनी का त्योहार’
कैलिफोर्निया असेंबली ने अपने प्रस्ताव में कहा कि दीवाली भारतीय-अमेरिकी और दक्षिण एशियाई समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण त्योहार है। इसे हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन समुदाय के लोग दुनियाभर में मनाते हैं।इस प्रस्ताव में दीवाली को परिवार, दोस्तों और समुदायों को जोड़ने वाला त्योहार बताया गया है, जो एकता, खुशी, उदारता और आत्मचिंतन का संदेश देता है।
घरों से लेकर आसमान तक दिखेगी रोशनी
दीवाली को आमतौर पर ‘रोशनी का त्योहार’ कहा जाता है। इस दौरान लोग घरों को दीयों, मोमबत्तियों और तेल के दीपों से सजाते हैं। साथ ही सुख, शांति, समृद्धि और ज्ञान की कामना करते हैं। कैलिफोर्निया असेंबली ने कहा कि यह त्योहार अलग-अलग समुदायों को साथ लाने और सांस्कृतिक विविधता को मजबूत करने का अवसर देता है।
भारतीय समुदाय के लिए अहम फैसला
कैलिफोर्निया में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग रहते हैं। ऐसे में दीवाली को आधिकारिक मान्यता मिलने को भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह फैसला अमेरिका में भारतीय संस्कृति और परंपराओं की बढ़ती स्वीकार्यता को भी दर्शाता है।














