उत्तर प्रदेश के गोंडा से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह अपने बयानों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार उनके निशाने पर योग गुरु बाबा रामदेव हैं। गोंडा में एक कार्यक्रम के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने बाबा रामदेव के आंदोलन और उनके स्वदेशी अभियान पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने आरोप लगाया कि जो आंदोलन कभी स्वदेशी के बड़े दावों के साथ शुरू हुआ था, वह आज केवल व्यापार और नकली सामानों के कल्चर तक सीमित होकर रह गया है।
पूर्व सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि बाबा रामदेव का आंदोलन अब नकली चड्ढी, नकली घी और मिलावटी खाद्य पदार्थों के व्यापार तक पहुंच चुका है। देश में जो नकली घी बेचने का कल्चर बढ़ा है, उसकी शुरुआत और बढ़ावा देने का काम बाबा रामदेव के तंत्र द्वारा ही किया गया है।
बृजभूषण शरण सिंह यहीं नहीं रुके, उन्होंने बाबा रामदेव के पुराने आंदोलनों का जिक्र करते हुए उन पर व्यक्तिगत प्रहार भी किया। उन्होंने कहा कि अगर बाबा रामदेव को आंदोलन ही करना है तो वे सिंदूर, टिकुली या सलवार पहनकर भागने के बजाय एक मर्द की तरह मैदान में उतरकर आंदोलन करें।












